गोरखपुर, 1 नवंबर। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने किसानों को राहत देने के लिए नया पैकेज लाने का ऐलान किया है। उन्होंने कहा कि साइक्लोन के कारण असमय बारिश, अतिवृष्टि और ओलावृष्टि से फसलों को हुए नुकसान की भरपाई सरकार करेगी। मुख्यमंत्री ने माना कि अब तक दिया गया मुआवजा पर्याप्त नहीं है। उन्होंने अधिकारियों को नुकसान का सर्वे कर प्रभावित किसानों को तत्काल राहत देने के निर्देश दिए।
रविवार को मुख्यमंत्री ने चौरीचौरा में 59.44 करोड़ रुपये की लागत से बने भोपा बाजार रेल ओवरब्रिज का उद्घाटन किया। इसके साथ ही 287.56 करोड़ रुपये की 84 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। उन्होंने कहा कि ओवरब्रिज का नाम चौरीचौरा के अमर बलिदानियों की याद में शहीद स्मारक ओवरब्रिज रखा जाना चाहिए।
जनसभा को संबोधित करते हुए सीएम योगी ने समाजवादी पार्टी पर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि सपा सरकार के समय प्रदेश में अपराध, दंगे और अराजकता बढ़ी थी। उस दौरान बेटियों की सुरक्षा और व्यापारियों के कारोबार पर खतरा था। मुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा सरकार ने कानून-व्यवस्था मजबूत करने के साथ विकास को गति दी है। पिछले दस वर्षों में 10 लाख युवाओं को सरकारी नौकरी दी गई है। साथ ही वन डिस्ट्रिक्ट-वन मेडिकल कॉलेज और वन डिस्ट्रिक्ट-वन प्रोडक्ट जैसी योजनाओं से प्रदेश को नई पहचान मिली है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व का जिक्र करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि गरीबों को आवास, मुफ्त राशन, आयुष्मान भारत और जनधन योजना जैसी सुविधाओं का लाभ मिल रहा है। उन्होंने कांग्रेस और सपा पर भ्रष्टाचार और पिछली सरकारों की नीतियों को लेकर भी निशाना साधा। साथ ही लोगों से अराजकता और दुष्प्रचार फैलाने वाली ताकतों के खिलाफ एकजुट रहने की अपील की।
चौरीचौरा की ऐतिहासिक घटना को याद करते हुए सीएम योगी ने स्वतंत्रता संग्राम के क्रांतिकारियों को श्रद्धांजलि दी। उन्होंने कहा कि अंग्रेजों ने 172 देशभक्तों को फांसी की सजा सुनाई थी। उस समय पंडित मदन मोहन मालवीय ने उनकी पैरवी करते हुए 151 क्रांतिकारियों को फांसी से बचाने में सफलता हासिल की थी। मुख्यमंत्री ने भगवान अहीर, नजर अली और अन्य बलिदानियों को भी नमन किया।
कार्यक्रम से पहले मुख्यमंत्री ने चौरीचौरा शहीद स्मारक पहुंचकर अमर बलिदानियों को श्रद्धासुमन अर्पित किए। उन्होंने कृषि, मुख्यमंत्री आवास और जीरो पॉवर्टी योजना के लाभार्थियों को सम्मानित भी किया। कार्यक्रम में केंद्रीय राज्यमंत्री कमलेश पासवान, मंत्री डॉ. संजय निषाद, सांसद संगीता यादव और कई जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।




