INDIA गठबंधन की महारैली आज, 4 हजार पुलिसकर्मी तैनात; 200 CCTV और ड्रोन से होगी निगरानी

दिल्ली के रामलीला मैदान में आज INDIA गठबंधन की महारैली आयोजित की जा रही है। इसमें कांग्रेस, समाजवादी पार्टी समेत विपक्षी गठबंधन के कई बड़े नेताओं के शामिल होने की संभावना है। रैली को देखते हुए राजधानी में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं।

इस महारैली का मुख्य मुद्दा मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) और कथित वोट चोरी का विरोध है। विपक्षी दलों का आरोप है कि SIR के नाम पर बड़ी संख्या में योग्य मतदाताओं के नाम हटाए जा रहे हैं। इसी मुद्दे को लेकर विपक्ष मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग भी उठा रहा है।

रैली में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, राहुल गांधी, प्रियंका गांधी और समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव समेत कई वरिष्ठ नेताओं के शामिल होने की संभावना है। इससे पहले ‘चलो दिल्ली’ मार्च भी निकाला जाएगा, जो रामलीला मैदान पहुंचेगा।

सुरक्षा के लिए करीब 4 हजार पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है। आयोजन स्थल और आसपास के इलाकों में 200 से अधिक CCTV कैमरों और ड्रोन से निगरानी होगी। मैदान को 14 जोन में बांटा गया है। इसके अलावा मेटल डिटेक्टर से जांच और विशेष कंट्रोल रूम की व्यवस्था भी की गई है।

पुलिस के अनुमान के मुताबिक, रैली में करीब 50 हजार लोगों के पहुंचने की संभावना है। वहीं, आयोजकों ने 10 लाख लोगों की भागीदारी का लक्ष्य रखा है। रैली के कारण ITO, दिल्ली गेट, अजमेरी गेट और मिंटो रोड समेत कई इलाकों में यातायात प्रभावित हो सकता है।

इस महारैली के जरिए INDIA गठबंधन चुनाव प्रक्रिया से जुड़े मुद्दों पर केंद्र सरकार और चुनाव आयोग के खिलाफ अपनी आवाज बुलंद करने के साथ विपक्षी एकजुटता का प्रदर्शन करना चाहता है।