उत्तर प्रदेश की योगी आदित्यनाथ सरकार स्थानीय बुनकरों को बड़ा बाजार उपलब्ध कराने के लिए नई पहल कर रही है। इसके तहत सरकारी अस्पतालों में बेडशीट, पिलो कवर, गॉज और बैंडेज क्लॉथ की आपूर्ति राज्य हथकरघा निगम लिमिटेड और यूपिका के माध्यम से कराने की तैयारी है। इससे बुनकरों की आय बढ़ाने और अस्पतालों को गुणवत्तापूर्ण उत्पाद उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी।
इस संबंध में 28 अक्टूबर को खादी एवं ग्रामोद्योग, रेशम उद्योग, हथकरघा एवं वस्त्रोद्योग मंत्री राकेश सचान ने विधान भवन में स्वास्थ्य और हथकरघा विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बैठक की। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मंशा के अनुरूप स्थानीय बुनकरों और सहकारी समितियों को आर्थिक रूप से मजबूत बनाने के प्रयास किए जा रहे हैं।
मंत्री ने स्वास्थ्य विभाग को अस्पतालों में इस्तेमाल होने वाली बेडशीट, पिलो कवर, गॉज और बैंडेज क्लॉथ के मानक और नमूने जल्द उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। इनके आधार पर राज्य हथकरघा निगम और यूपिका नए नमूने तैयार करेंगे। साथ ही, चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग, चिकित्सा शिक्षा विभाग और राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन को आपूर्ति से जुड़ी मानक संचालन प्रक्रिया (एसओपी) और समझौता ज्ञापन (एमओयू) जल्द पूरा करने को कहा गया।
बैठक में जेम (GeM) पोर्टल के माध्यम से सरकारी खरीद को पारदर्शी बनाने और सभी विभागों के बीच बेहतर समन्वय पर भी जोर दिया गया। इस अवसर पर हथकरघा एवं वस्त्रोद्योग विभाग के प्रमुख सचिव अनिल कुमार सागर सहित संबंधित विभागों के अधिकारी, अस्पतालों के प्रतिनिधि और तकनीकी विशेषज्ञ मौजूद रहे। इस पहल से स्थानीय बुनकरों को नियमित बाजार मिलने और रोजगार के अवसर बढ़ने की उम्मीद है।



