उत्तर प्रदेश में 10वीं और 12वीं की बोर्ड परीक्षाओं की तैयारी कर रहे लाखों छात्रों के लिए बड़ी खबर है। उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद (UPMSP) ने वर्ष 2027 की हाईस्कूल और इंटरमीडिएट परीक्षाओं का कार्यक्रम जारी कर दिया है। बोर्ड की ओर से जारी शेड्यूल के अनुसार, दोनों कक्षाओं की परीक्षाएं 5 फरवरी 2027 से शुरू होंगी और 24 फरवरी 2027 तक चलेंगी। परीक्षा कार्यक्रम जारी होने के बाद छात्र अपनी तैयारी को विषयों के अनुसार व्यवस्थित कर सकते हैं।
बोर्ड के सचिव भगवती सिंह की ओर से जारी कार्यक्रम के मुताबिक, परीक्षाएं दो पालियों में आयोजित की जाएंगी। पहली पाली सुबह 8:30 बजे से 11:45 बजे तक होगी, जबकि दूसरी पाली दोपहर 2 बजे से शाम 5:15 बजे तक चलेगी। छात्रों को प्रश्नपत्र पढ़ने के लिए शुरुआती 15 मिनट का समय दिया जाएगा। इसके बाद वे निर्धारित समय में उत्तर लिख सकेंगे।
हाईस्कूल यानी 10वीं की परीक्षा की शुरुआत 5 फरवरी को हिंदी और प्रारंभिक हिंदी के पेपर से होगी। वहीं, 12वीं की परीक्षा भी इसी दिन हिंदी और सामान्य हिंदी के पेपर के साथ शुरू होगी। 10वीं के प्रमुख विषयों में सामाजिक विज्ञान की परीक्षा 8 फरवरी, अंग्रेजी की 10 फरवरी, गणित की 13 फरवरी और विज्ञान की परीक्षा 17 फरवरी को आयोजित की जाएगी।
इंटरमीडिएट यानी 12वीं के छात्रों के लिए भी विषयवार परीक्षा कार्यक्रम जारी किया गया है। इसमें अंग्रेजी की परीक्षा 8 फरवरी, इतिहास की 10 फरवरी, जीव विज्ञान और गणित की 12 फरवरी, रसायन विज्ञान की 15 फरवरी, भूगोल की 16 फरवरी और भौतिक विज्ञान की परीक्षा 17 फरवरी को होगी। इसके अलावा अन्य विषयों की परीक्षाएं भी निर्धारित तारीखों पर आयोजित की जाएंगी|
दोनों कक्षाओं की परीक्षाएं 24 फरवरी 2027 को समाप्त होंगी। अंतिम दिन 10वीं के छात्रों के लिए कृषि विषय की परीक्षा होगी, जबकि 12वीं के छात्रों के लिए कंप्यूटर और संस्कृत के पेपर निर्धारित हैं। छात्र यूपी बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर परीक्षा का पूरा विषयवार कार्यक्रम डाउनलोड कर सकते हैं।
परीक्षा की तारीखें घोषित होने के बाद छात्रों को सलाह दी जाती है कि वे अपने विषयों के अनुसार पढ़ाई की योजना बनाएं और समय रहते पाठ्यक्रम पूरा कर लें। साथ ही, परीक्षा केंद्र, प्रवेश पत्र और बोर्ड की ओर से जारी अन्य दिशा-निर्देशों की जानकारी के लिए आधिकारिक सूचनाओं पर नजर बनाए रखें।





