लखनऊ में समाजवादी पार्टी के संस्थापक सदस्यों में शामिल और मुलायम सिंह यादव के करीबी रहे पूर्व मंत्री भगवती सिंह के परिवार को सरकारी बंगला खाली करना होगा। नगर निगम ने रिवर बैंक कॉलोनी स्थित आवास का आवंटन निरस्त करते हुए परिवार को बंगला खाली करने का अंतिम नोटिस जारी किया है। परिवार को सात दिन के भीतर मकान खाली कर उसका कब्जा नगर निगम को सौंपने के निर्देश दिए गए हैं।
यह आवास डी-2/2 है, जो पहले भगवती सिंह और राकेश कुमार सिंह के नाम आवंटित था। दोनों मूल आवंटियों के निधन के बाद भी उनके परिवार के सदस्य इस आवास में रह रहे थे। नगर निगम ने मामले की समीक्षा के बाद 14 सितंबर 2026 को आवास का आवंटन निरस्त करने का आदेश जारी किया।
नगर निगम के मुख्य कर निर्धारण अधिकारी (रेंट) की ओर से जारी नोटिस में कहा गया है कि निर्धारित समय के भीतर मकान खाली नहीं किया गया तो वहां रहने वालों को अनधिकृत कब्जेदार माना जाएगा। इसके बाद नियमों के तहत बेदखली की कार्रवाई की जा सकती है।
नगर निगम अधिकारियों के मुताबिक यह कार्रवाई सरकारी आवास के आवंटन से जुड़े नियमों और 26 जून 1978 के शासनादेश के प्रावधानों के आधार पर की गई है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि निर्धारित प्रक्रिया के तहत ही आवास को खाली कराया जाएगा।
मामले में अब भगवती सिंह के परिवार के सामने सात दिन के भीतर बंगला खाली करने की स्थिति है। समय सीमा पूरी होने के बाद नगर निगम आगे की कानूनी कार्रवाई कर सकता है।





