अतीक के करीबी से जुड़ी अवैध गौशाला पर चला बुलडोजर, 3000 वर्ग मीटर में था निर्माण

प्रयागराज में अवैध निर्माण के खिलाफ प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है। पूरामुफ्ती थाना क्षेत्र के कछार इलाके में करीब 3,000 वर्ग मीटर में बनी एक गौशाला को प्रयागराज विकास प्राधिकरण (PDA) की टीम ने बुलडोजर चलाकर ध्वस्त कर दिया। यह गौशाला माफिया अतीक अहमद के करीबी बताए जाने वाले आबिद प्रधान के परिवार से जुड़े व्यक्ति की बताई जा रही है।

PDA के अधिकारियों के मुताबिक, इस निर्माण के लिए प्राधिकरण से जरूरी नक्शा और अनुमति नहीं ली गई थी। कछार क्षेत्र में निर्माण को लेकर निर्धारित नियमों के बावजूद यहां बड़े स्तर पर गौशाला और डेयरी का निर्माण किया गया था। जांच के बाद इसे अवैध मानते हुए ध्वस्तीकरण की कार्रवाई की गई।

कार्रवाई के दौरान गौशाला में बड़ी संख्या में गाय और भैंस मौजूद थीं। मवेशियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए नगर निगम की टीम को भी मौके पर बुलाया गया और उन्हें सुरक्षित स्थान पर ले जाने की व्यवस्था की गई। इसके बाद PDA की टीम ने अवैध निर्माण को हटाने की कार्रवाई पूरी की।

ध्वस्तीकरण के दौरान मौके पर भारी पुलिस बल और PAC के जवान तैनात रहे, ताकि कानून-व्यवस्था बनी रहे। अधिकारियों का कहना है कि क्षेत्र में अवैध निर्माण के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।