दिल्ली में पंडित दीनदयाल उपाध्याय की 110वीं जयंती के मौके पर आयोजित भजन क्लबिंग कार्यक्रम में भक्ति और संगीत का खास संगम देखने को मिला। इस कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी शामिल हुए। कार्यक्रम के दौरान ‘हनुमान अंश’ फिल्म की टीम ने भी अपनी प्रस्तुति दी, जिसने वहां मौजूद लोगों का ध्यान खींचा।
फिल्म के लेखक और निर्देशक विशाल चतुर्वेदी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सामने ‘सीता राम’ भजन गाया। भजन की प्रस्तुति के दौरान पीएम मोदी भी काफी ध्यान से इसे सुनते नजर आए और तालियां बजाकर कलाकारों का उत्साह बढ़ाया। कार्यक्रम का माहौल पूरी तरह भक्तिमय नजर आया।इस दौरान प्रधानमंत्री मोदी ने भी भक्ति संगीत का आनंद लिया और खंजरी बजाते हुए नजर आए।
इसके बाद ‘हनुमान अंश’ की टीम की ओर से हनुमान चालीसा का पाठ भी किया गया। कार्यक्रम में भजन और हनुमान चालीसा की प्रस्तुति ने माहौल को और खास बना दिया।
‘हनुमान अंश’ फिल्म नीम करोली बाबा के जीवन, उनकी भक्ति और सेवा की भावना से प्रेरित बताई जा रही है। फिल्म का निर्देशन विशाल चतुर्वेदी ने किया है। प्रधानमंत्री मोदी के सामने फिल्म के निर्देशक द्वारा ‘सीता राम’ भजन गाने और पीएम के खंजरी बजाने का वीडियो सोशल मीडिया पर भी चर्चा में है। इस खास मौके ने फिल्म और उसकी भक्ति से जुड़ी थीम को भी लोगों के बीच चर्चा में ला दिया है।





