क्रिकेट के मैदान पर अपनी विस्फोटक बल्लेबाजी और बेबाक अंदाज से पहचान बनाने वाले वीरेंद्र सहवाग अब एंटरटेनमेंट की दुनिया में एक नई पारी शुरू करने जा रहे हैं। सहवाग ‘Rise & Fall Season 2’ को होस्ट करते नजर आएंगे। शो के प्रोमो में उनका वही मजाकिया और सीधा अंदाज देखने को मिल रहा है, जिसके लिए वह क्रिकेट के दिनों से ही मशहूर रहे हैं। क्रिकेट से संन्यास के बाद कमेंट्री और टीवी पर नजर आने वाले सहवाग के लिए यह रियलिटी शो होस्ट के तौर पर एक नया और दिलचस्प अनुभव होने वाला है।
‘Rise & Fall’ में कंटेस्टेंट्स के बीच पावर, पैसा, रणनीति और रिश्तों का गेम देखने को मिलेगा। खिलाड़ियों को दो ग्रुप में बांटा जाएगा—Rulers और Workers। Rulers को शानदार सुविधाओं के साथ ऊपर रहने का मौका मिलेगा, जबकि Workers को बेसमेंट में रहना होगा। खास बात यह है कि गेम में किसी की स्थिति स्थायी नहीं होगी। टास्क और रणनीति के आधार पर खिलाड़ी ऊपर से नीचे और नीचे से ऊपर जा सकते हैं, जिससे हर एपिसोड में गेम बदलता हुआ नजर आएगा।
सहवाग की मौजूदगी इस पूरे गेम को और मजेदार बना सकती है। अपने क्रिकेट करियर में आखिरी गेंद तक मुकाबला करने के लिए मशहूर रहे सहवाग अब खिलाड़ियों की रणनीति और उनके उतार-चढ़ाव पर अपनी खास टिप्पणी करते नजर आएंगे। अब देखना दिलचस्प होगा कि मैदान पर चौके-छक्के लगाने वाले सहवाग रियलिटी शो की इस नई पारी में दर्शकों का कितना मनोरंजन कर पाते हैं।





