दिल्ली क्रिकेट में नए घरेलू सीजन से पहले बड़ा बदलाव किया गया है। दिल्ली एंड डिस्ट्रिक्ट क्रिकेट एसोसिएशन (DDCA) ने पूर्व भारतीय विकेटकीपर-बल्लेबाज विजय दहिया को दिल्ली की सीनियर पुरुष टीम का हेड कोच नियुक्त किया है। वहीं, स्टार बल्लेबाज विराट कोहली के बचपन के कोच राजकुमार शर्मा को टीम के स्टेट मेंटर की जिम्मेदारी दी गई है। इन नियुक्तियों का फैसला क्रिकेट एडवाइजरी कमेटी की सिफारिशों के बाद किया गया है।
विजय दहिया का दिल्ली क्रिकेट से पुराना रिश्ता रहा है। वह पहले भी दिल्ली टीम के कोच की भूमिका निभा चुके हैं। उनकी कोचिंग में दिल्ली ने 2007-08 में रणजी ट्रॉफी का खिताब अपने नाम किया था। दहिया भारत के लिए 2 टेस्ट और 19 वनडे मैच खेल चुके हैं। इसके अलावा वह आईपीएल में भी कई टीमों के कोचिंग स्टाफ का हिस्सा रहे हैं। उनका अनुभव दिल्ली की सीनियर टीम के लिए अहम माना जा रहा है।
वहीं, राजकुमार शर्मा की नियुक्ति भी खास है। वह लंबे समय से दिल्ली क्रिकेट से जुड़े हुए हैं और विराट कोहली के शुरुआती क्रिकेट करियर में उनके कोच रहे हैं। अब स्टेट मेंटर के तौर पर वह दिल्ली की टीम और खिलाड़ियों के साथ काम करेंगे। टीम के सपोर्ट स्टाफ में क्षितिज शर्मा और कुलदीप रावत को असिस्टेंट कोच बनाया गया है, जबकि संजय शर्मा और पूर्व भारतीय तेज गेंदबाज परविंदर अवाना गेंदबाजी कोच की जिम्मेदारी संभालेंगे।
दिल्ली की सीनियर पुरुष टीम 2026-27 रणजी ट्रॉफी सीजन में 11 अक्टूबर से अपने अभियान की शुरुआत करेगी। टीम का पहला मुकाबला बंगाल के खिलाफ कल्याणी में होगा। ऐसे में नए कोचिंग सेटअप के साथ दिल्ली की टीम आगामी घरेलू सीजन में मैदान पर उतरेगी।





