ट्रंप और मीडिया की जंग तेज, CNN को एयर फोर्स वन में सफर से रोका

अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और मीडिया संस्थानों के बीच चल रहा विवाद एक बार फिर सुर्खियों में है। व्हाइट हाउस ने CNN को ट्रंप के साथ एयर फोर्स वन में यात्रा करने से रोक दिया है। CNN को शनिवार को ट्रंप की टेनेसी यात्रा के दौरान राष्ट्रपति के साथ जाना था, लेकिन आखिरी समय में उसे प्रेस पूल से बाहर कर दिया गया।

राष्ट्रपति की यात्राओं के दौरान सीमित जगह होने की वजह से कुछ चुनिंदा पत्रकारों को प्रेस पूल के तहत एयर फोर्स वन में यात्रा करने का मौका मिलता है। इसमें CNN समेत अमेरिका के प्रमुख टीवी नेटवर्क बारी-बारी से शामिल होते हैं और राष्ट्रपति की गतिविधियों की तस्वीरें और वीडियो बाकी मीडिया संस्थानों के साथ साझा करते हैं। इस बार CNN की जगह Real America’s Voice News को शामिल किए जाने की जानकारी सामने आई है।

CNN को एयर फोर्स वन की यात्रा से रोकने का फैसला ऐसे समय में आया है, जब ट्रंप प्रशासन और CNN के बीच पहले से तनाव चल रहा है। इससे पहले व्हाइट हाउस ने CNN, MS NOW और Politico के पत्रकारों की पहुंच पर भी रोक लगाई थी। इन मीडिया संस्थानों ने इस कार्रवाई को लेकर अदालत का रुख किया था। बाद में एक संघीय जज ने प्रशासन को इन पत्रकारों की व्हाइट हाउस पहुंच अस्थायी तौर पर बहाल करने का आदेश दिया था।

अदालत के आदेश के बाद CNN और अन्य मीडिया संस्थानों के पत्रकारों को दोबारा व्हाइट हाउस में काम करने की अनुमति मिली, लेकिन एयर फोर्स वन की यात्रा को लेकर स्थिति अलग बनी हुई है। रिपोर्टों के मुताबिक, अदालत के हालिया आदेश में राष्ट्रपति के विमान से यात्रा को लेकर स्पष्ट निर्देश नहीं दिया गया था।

इस पूरे मामले ने अमेरिका में प्रेस की स्वतंत्रता और राष्ट्रपति की गतिविधियों को कवर करने वाले पत्रकारों की पहुंच को लेकर बहस फिर तेज कर दी है। CNN और अन्य मीडिया संस्थानों का कहना है कि राष्ट्रपति की कवरेज के लिए प्रेस की समान पहुंच जरूरी है। वहीं, ट्रंप प्रशासन और मीडिया के बीच पहले से चल रहा यह विवाद अब एयर फोर्स वन की यात्रा तक पहुंच गया है।