प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आगामी ऑस्ट्रेलिया दौरे से पहले उन्हें सोशल मीडिया के जरिए जान से मारने की धमकी मिलने का मामला सामने आया है। इस घटना के बाद ऑस्ट्रेलियाई सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट पर हैं और मामले की गंभीरता से जांच शुरू कर दी गई है। प्रधानमंत्री मोदी 6 से 11 जुलाई के बीच तीन देशों के दौरे पर रहेंगे, जिसमें ऑस्ट्रेलिया भी शामिल है।मेलबर्न में आयोजित होने वाले “Melbourne Meets Modi” सामुदायिक कार्यक्रम के फेसबुक पोस्ट पर एक व्यक्ति ने कथित तौर पर धमकी भरी टिप्पणी की। पोस्ट के कमेंट सेक्शन में “Abu Mustafa” नाम के एक फेसबुक अकाउंट से लिखा गया कि “स्टेडियम की छतें अच्छी तरह बंद कर देना, नहीं तो वह ऑस्ट्रेलिया अपनी मौत के लिए आ रहा है।” इस कथित धमकी के सामने आने के बाद ऑस्ट्रेलियाई प्रशासन हरकत में आ गया। हालांकि स्वतंत्र रूप से इस टिप्पणी की पुष्टि नहीं हो सकी है, लेकिन इसे गंभीरता से लिया जा रहा है।
धमकी सामने आने के बाद ऑस्ट्रेलियन फेडरल पुलिस (AFP) ने तत्काल जांच शुरू कर दी है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, जांच एजेंसियों ने धमकी देने वाले सोशल मीडिया अकाउंट से जुड़े IP एड्रेस की पहचान कर ली है और यह पता लगाया जा रहा है कि धमकी वास्तविक थी या केवल ऑनलाइन पोस्ट तक सीमित थी। फिलहाल किसी गिरफ्तारी की आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है, क्योंकि जांच जारी है।इसके साथ ही प्रधानमंत्री मोदी की ऑस्ट्रेलिया यात्रा के दौरान सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी कर दी गई है। ऑस्ट्रेलिया की कई सुरक्षा एजेंसियां मिलकर कार्यक्रम स्थल और प्रधानमंत्री की सुरक्षा सुनिश्चित करने की तैयारी कर रही हैं।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अपने तीन देशों के दौरे के तहत ऑस्ट्रेलिया में प्रधानमंत्री एंथनी अल्बनीज़ से द्विपक्षीय वार्ता करेंगे। दोनों देशों के बीच रक्षा, व्यापार, निवेश, शिक्षा और इंडो-पैसिफिक क्षेत्र में सहयोग जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा होने की संभावना है। मेलबर्न में भारतीय समुदाय को संबोधित करने का भी कार्यक्रम प्रस्तावित है।
धमकी मिलने के बाद ऑस्ट्रेलियाई प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि प्रधानमंत्री मोदी की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। जांच पूरी होने तक मामले से जुड़ी अधिक जानकारी सार्वजनिक नहीं की जा रही है। सुरक्षा एजेंसियां सोशल मीडिया पर की गई इस कथित धमकी के हर पहलू की जांच कर रही हैं और किसी भी संभावित खतरे से निपटने के लिए विशेष सुरक्षा इंतजाम किए जा रहे हैं।




