समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता राम गोविंद चौधरी का लंबा राजनीतिक सफर रहा। बलिया से आने वाले चौधरी ने छात्र राजनीति से अपने सार्वजनिक जीवन की शुरुआत की और आगे चलकर उत्तर प्रदेश की राजनीति में अपनी अलग पहचान बनाई। वह कुल आठ बार विधायक रहे और समाजवादी पार्टी के प्रमुख नेताओं में शामिल रहे।
राम गोविंद चौधरी का छात्र राजनीति से ही समाजवादी विचारधारा की ओर झुकाव रहा। वह बलिया के मुरली मनोहर टाउन महाविद्यालय में छात्र राजनीति से जुड़े और बाद में जयप्रकाश नारायण के आंदोलन में भी सक्रिय रहे। इसके बाद उनका राजनीतिक जुड़ाव चंद्रशेखर और मुलायम सिंह यादव की समाजवादी धारा से हुआ।
साल 1977 में उन्होंने चिलकहर विधानसभा सीट से जनता पार्टी के टिकट पर पहली बार विधानसभा चुनाव जीता। इसके बाद 1980, 1985, 1989 और 1991 में भी वह विधायक चुने गए। मुलायम सिंह यादव के नेतृत्व वाली सरकार में उन्हें उद्यान और खाद्य प्रसंस्करण विभाग की जिम्मेदारी भी मिली। कुछ चुनावों में हार के बाद उन्होंने 2002 में फिर विधानसभा में वापसी की और इसके बाद बांसडीह विधानसभा क्षेत्र से अपनी राजनीतिक पकड़ मजबूत की।
2012 के विधानसभा चुनाव में बांसडीह से जीत के बाद राम गोविंद चौधरी को अखिलेश यादव की सरकार में बेसिक शिक्षा और समाज कल्याण जैसे महत्वपूर्ण विभागों की जिम्मेदारी मिली। 2017 में भी उन्होंने बांसडीह से जीत दर्ज की। इसके बाद अखिलेश यादव ने उन्हें विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष की जिम्मेदारी सौंपी। उन्होंने 2017 से 2022 तक इस पद पर रहते हुए विधानसभा में पार्टी का नेतृत्व किया।
राम गोविंद चौधरी की पहचान सपा के अनुभवी और वरिष्ठ नेताओं में रही। अखिलेश यादव के साथ भी उनके करीबी राजनीतिक संबंध रहे। पार्टी के भीतर उनकी पहचान एक ऐसे नेता के तौर पर रही, जिनके पास कई दशकों का राजनीतिक और विधानसभा का अनुभव था। उनके निधन से समाजवादी पार्टी ने अपने एक अनुभवी नेता को खो दिया।





