अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने भारतीय उद्योग समूह Essar Group के एक बड़े स्टील प्रोजेक्ट का ऐलान किया है। Iowa में बनने वाले इस प्लांट में करीब 15 अरब डॉलर का निवेश किया जाएगा। ट्रंप ने इसे अमेरिकी इतिहास का सबसे बड़ा स्टील प्लांट बताया है।
यह प्लांट Essar Group की अमेरिकी कंपनी Mesabi Metallics तैयार करेगी। यहां 2030 से स्टील उत्पादन शुरू होने की उम्मीद है और पूरी क्षमता पर पहुंचने के बाद हर साल करीब 1 करोड़ टन स्टील का उत्पादन किया जा सकेगा।
प्रोजेक्ट के लिए जरूरी लौह अयस्क की सप्लाई भी अमेरिका से ही होगी। कंपनी ने Minnesota के Mesabi Iron Range में करीब 2.5 अरब डॉलर की लागत से आयरन-ओर माइन विकसित की है।
इस प्रोजेक्ट से निर्माण के दौरान करीब 5,000 से 6,000 नौकरियां और प्लांट शुरू होने के बाद करीब 1,750 स्थायी रोजगार मिलने का अनुमान है। अमेरिकी प्रशासन के मुताबिक, इससे अगले 10 वर्षों में अर्थव्यवस्था में करीब 95 अरब डॉलर का योगदान हो सकता है।
ट्रंप ने इस निवेश को अमेरिका में घरेलू स्टील उत्पादन और मैन्युफैक्चरिंग बढ़ाने की अपनी नीति से जोड़ा है। वहीं, Essar Group के लिए यह अमेरिका में एक बड़े औद्योगिक विस्तार की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।





