अदाणी ग्रुप ने एल्युमिनियम कारोबार में अपनी मौजूदगी बढ़ाने की दिशा में एक और बड़ा कदम उठाया है। अदाणी एंटरप्राइजेज की पूर्ण स्वामित्व वाली कंपनी Adani Global Limited ने अबू धाबी स्थित Monvarex Aluminium Holding RSC Ltd. में 50 फीसदी हिस्सेदारी खरीदी है। यह सौदा करीब 25 हजार अमेरिकी डॉलर में हुआ है।
Monvarex Aluminium Holding का गठन अबू धाबी ग्लोबल मार्केट में हुआ है। कंपनी का कारोबार मेटल्स, माइनिंग और केमिकल्स से जुड़ा है। इसके जरिए एल्युमिना और एल्युमिनियम स्मेल्टर से जुड़े कारोबार को आगे बढ़ाने की योजना है। कंपनी भारत में Coal-to-Gas कारोबार से जुड़े अवसरों पर भी काम कर सकती है। फिलहाल कंपनी ने अपना व्यावसायिक संचालन शुरू नहीं किया है और इसका टर्नओवर शून्य है।
अदाणी ग्रुप का यह कदम एल्युमिनियम सेक्टर में उसकी बड़ी विस्तार योजना का हिस्सा माना जा रहा है। इससे पहले अदाणी एंटरप्राइजेज और अबू धाबी की International Resources Holding (IRH) ने ओडिशा में करीब 11.5 अरब डॉलर के इंटीग्रेटेड एल्युमिनियम प्रोजेक्ट के लिए 50:50 ज्वाइंट वेंचर बनाने का ऐलान किया था। इस प्रोजेक्ट में एल्युमिना रिफाइनरी, एल्युमिनियम स्मेल्टर और डाउनस्ट्रीम मैन्युफैक्चरिंग पार्क शामिल हैं।
इस तरह UAE की कंपनी में हिस्सेदारी खरीदने के साथ-साथ ओडिशा के बड़े एल्युमिनियम प्रोजेक्ट में साझेदारी से अदाणी ग्रुप एल्युमिनियम और मेटल्स की पूरी वैल्यू चेन में अपनी मौजूदगी मजबूत करने की दिशा में आगे बढ़ रहा है।





